प्रशांत महासागर में 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, कई देशों में सुनामी का अलर्ट जारी
जायज़ा डेली न्यूज़ नई दिल्ली (संवाददाता )न्यूजीलैंड के उत्तरी क्षेत्र स्थित गहरे समुद्र में बुधवार को शक्तिशाली भूकंप आया, जिस कारण क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सुनामी की चेतावनी जारी करनी पड़ी। अमेरिकी भूवैज्ञानिक एजेंसी ने बताया कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.7 मापी गई और इसका केंद्र लॉयल्टी द्वीप के दक्षिण-पूर्व में 10 किलोमीटर (छह मील) की गहराई में स्थित था। बताया जा रहा है कि इस सुनामी का असर न्यूजीलैंड से लेकर इंडोनेशिया तक हो सकता है। अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र ने वानूआतू और फिजी के लिए 0.3 से एक मीटर (1 से 3.3 फुट) तक की सुनामी संबंधी चेतावनी जारी की। सुनामी चेतावनी जारी की गई और फिर अमेरिकन समोआ के लिए इसे रद्द कर दिया गया।

6 मार्च को होगा सुन्नी सेन्ट्रल वक़्फ़ बोर्ड का चुनाव,शिया सेन्ट्रल वक़्फ़ बोर्ड का नहीं
जायज़ा डेली न्यूज़ लखनऊ (संवाददाता ) उत्तर प्रदेश सरकार ने आज सुन्नी सेन्ट्रल वक़्फ़ बोर्ड के चुनाव की अधिसूचना जारी करते हुए 6 मार्च की तारीख तय करदी है। 6 मार्च को चुनाव के ही दिन शाम को परिणाम की घोषणा होगी।सुन्नी सेन्ट्रल वक़्फ़ बोर्ड के दफ्तर मे ही चुनाव होगा। शिया सेन्ट्रल वक़्फ़ बोर्ड के चुनाव की अभी कोई संभावना नहीं है। सुन्नी सेन्ट्रल वक़्फ़ बोर्ड के चुनाव मे मुतवल्लीयो के चुनाव के साथ ही सांसद विधायक कोटे के सदस्यों का चुनाव भी किया जाना है। इस बीच आज प्रमुख सचिव अल्पसंख्यक कल्याण एवम वक़्फ़ ने सुन्नी सेन्ट्रल वक़्फ़ बोर्ड के प्रशासक का कारभार भी ग्रहण कर लिया है।

किसान आंदोलनः चक्का जाम के बाद किसानों का बड़ा एलान, 18 फरवरी को रोकेंगे रेल परिचालन
जायज़ा डेली न्यूज़ नई दिल्ली (संवाददाता )देश में कृषि कानून को लेकर सड़क से संसद तक संग्राम छिड़ा है। ताजा जानकारी के अनुसार किसानों ने चक्का जाम के बाद अब 18 फरवरी को रेल परिचालन रोकने का एलान किया है।वहीं इससे पहले किसान 14 फरवरी को मशाल रैली भी निकालेंगे। किसानों ने कहा कि इस आंदोलन में अब तक हमारे कुल 204 किसान भी शहीद हो चुके है। शहीद किसान और शहीद जवान को श्रद्धांजलि देने के लिए किसान संगठन 14 फरवरी को शाम 7 बजे देशभर में मशाल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। बता दें कि 14 फरवरी को पुलवामा हमला हुआ था। बता दें कि इससे पहले किसानों ने 6 फरवरी को 12 बजे से तीन बजे के बीच राष्ट्रव्यापी चक्का जाम का एलान किया था। इसके तहत राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय हाइवे को बंद करना था। दिल्ली की सीमाओं की घेराबंदी को देखते हुए किसानों ने दिल्ली-एनसीआर को इससे बाहर रखा था। हालांकि, बाद में उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के चक्का जाम को भी वापस ले लिया। बावजूद किसानों के एलान के दिल्ली पुलिस हर जगह सतर्क रही।गणतंत्र दिवस की हिंसा को देखते हुए सीमाओं समेत पूरी दिल्ली में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम थे। गाजीपुर, सिंघु व टीकरी बॉर्डर पर कई स्तर का सुरक्षा बनाने के साथ दिल्ली के आईटीओ, लाल किला, अक्षरधाम, इंडिया गेट आदि संवेदशील इलाकों में पुलिसकर्मी व अर्धसैनिक बल के जवान तैनात थे।बॉर्डर के चार किलोमीटर के इलाके में सात लेयर की सुरक्षा की गयी थी। सिंघु, टिकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर सुरक्षा के इंतजाम के साथ साथ दिल्ली में प्रवेश करने वाली करीब 125 सड़कों पर सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये थे। सुबह से ही बॉर्डर पर ड्रोन से निगरानी रखी जा रही थी और बॉर्डर इलाके में वीडियोग्राफी करवायी जा रही थी। दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता चिन्मय बिस्वाल ने बताया कि दिल्ली में चक्का जाम का असर नहीं था। दिल्ली में सभी कुछ सामान्य और शांतिपूर्ण रहा। एतियातन तौर पर दिल्ली पुलिस पूरी तरह से सर्तक थी और बॉर्डर से लेकर दिल्ली के अंदरूनी हिस्सों में पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक जवानों को तैनात किया गया था। 

किसानों को देशद्रोही कहने वाला, उसका मजाक उड़ाने वाला देश भक्त नहीं: प्रियंका गांधी
जायज़ा डेली न्यूज़ नई दिल्ली (संवाददाता ) कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने किसान महापंचायत में भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रियंका ने कहा किसानों से अपील है कि पीछे मत हटिए। प्रियंका गांधी ने कहा कांग्रेस की सरकार आई तो कृषि कानूनों को रद्द किया जाएगा। उन्होंने कहा सरकार सरकारी मंडियों को खत्म करने की कोशिश में है। सरकार सब कुछ बेचना चाहती है। उन्होंने कहा इन कानूनों से सिर्फ कुछ लोगों को फायदा होगा। साथ ही प्रियंका ने कहा किसानों को देशद्रोही कहने वाला और उसका मजाक उड़ाने वाला देश भक्त नहीं हो सकता। प्रियंका गांधी ने कहा कि पीएम के 56 इंच के सीने में छोटा सा दिल है, जो किसानों के लिए नहीं अपने खरबपति दोस्तों के लिए धड़कता है। उन्होंने कहा जिसने रेलवे बेच दिया, कई सरकारी उपक्रम बेच दिए उस पर अब देशवासी भरोसा नहीं कर सकते हैं। गन्ना किसानों की बात करते हुए कहा कि किसानों का 15 हजार करोड़ रुपये भुगतान नहीं दिया गया, 16 हजार करोड़ में अपने लिए दो जहाज खरीद डाले और 20 हजार करोड़ रुपए संसद भवन के सुंदरीकरण के लिए खर्च कर रहे हैं। उन्होंने कहा तीनों कृषि कानून उस राक्षस की तरह हैं, जैसे राक्षस दुर्गम ने तबाही मचाई थी और फिर मां शाकंभरी ने लोगों का दुख दूर किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह किसानों और मजदूरों के साथ है, अब यह आंदोलन थम नहीं पाएगा। प्रियंका गांधी ने कहा 1955 में जवाहरलाल नेहरू ने जमाखोरी के खिलाफ कानून बनाए थे। लेकिन इस कानून को भाजपा सरकार ने खत्म कर दिया है। अब इन नए कानूनों से सिर्फ ‘अरबपतियों’ को मदद मिलेगी। उन्होंने कहा अब ये किसानों की उपज की कीमत खुद तय करेंगे।खास बात यह है कि पंचायत में प्रियंका गांधी के पहुंचने से पहले ही जनसैलाब उमड़ा। पंचायत में किसानों की भीड़ देखकर कांग्रेस नेता गदगद हैं। वहीं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं। प्रशासन ने ड्रोन से महापंचायत की निगरानी की। इससे पहले प्रियंका गांधी ने सहारनपुर के मां शाकंभरी देवी मंदिर पहुंचकर सबसे पहले मत्था टेका। इस दौरान प्रियंका गांधी ने राजनीति में सफलता प्राप्त करने के लिए मंदिर में पूजा-अर्चना कर संकल्प लिया। इसके बाद वह ग्राम रायपुर स्थित खानकाह में हजरत रायपुरी की दरगाह के लिए रवाना हो गईं। यहां हाजिरी लगाने के बाद उन्होंने चिलकाना में किसान महापंचायत को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और कांग्रेस नेता इमरान मसूद रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here